



नवगछिया । बाल भारती विद्यालय, गोशाला रोड में आज प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के वर्ग दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 34 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय ने अपने पूर्व छात्राओं का भी सम्मान किया, जो वर्तमान में बैंकिंग, शैक्षणिक, इंजीनियरिंग एवं चिकित्सा जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रही हैं।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रशासक देव प्रसाद सिंह ने किया। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि विद्यालय की असली पहचान उसके विद्यार्थियों की सफलता से होती है। आप सभी हमारी उम्मीदों और सपनों का साकार रूप हैं।
विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने कहा कि संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है। जो छात्र आज मेहनत कर रहे हैं, वही कल समाज के आदर्श बनेंगे।

विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि हर बच्चा एक दीपक है, बस उसे सही दिशा और प्रेरणा की आवश्यकता होती है ताकि वह जगमगा उठे। वहीं सहसचिव प्रवीण केजरीवाल ने कहा कि जीवन में निरंतर सीखते रहना ही सबसे बड़ी सफलता है। जिज्ञासा और लगन ही सफलता का आधार हैं।
कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक रुंगटा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय की प्रतिष्ठा को और ऊंचाई देती है। आज का यह सम्मान उनके परिश्रम की सच्ची पहचान है।
बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड के प्राचार्य कौशल किशोर जैसवाल ने विद्यार्थियों को भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एसबीआई में कार्यरत रिया जायसवाल और हर्षित पंसारी को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। वहीं, मेडिकल एआईएमएस-पीजी परीक्षा में डॉक्टर गगन हरनातका ने 36वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर एम्स ऋषिकेश में दाखिला पाया, जबकि उज्ज्वल कुमार ने नीट-यूजी में सफलता हासिल कर जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज में चयन पाया। दोनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वर्ग 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों वैष्णवी, प्रकृति, यश कुमार, अनुश्का भगत, आर्यन कुमार, दिया कुमारी सहित अन्य छात्रों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण व्याप्त था। सभी सम्मानित विद्यार्थियों और पूर्व छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक वागीश झा, निमाई कुमार, सतीश झा, ब्रजेश ठाकुर, सुशांत चौधरी, उत्पल झा, सुनील पाठक, निखिल चिरानिया, निशिष कुमार, पुरुषोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।















