


नारायणपुर। क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलाहा में एक छात्रा द्वारा विद्यालय परिसर में झाड़ू लगाने का मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसका दृश्य कैमरे में भी कैद हो गया है। इस मामले की शिकायत विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक छात्रा विद्यालय की वर्दी में सफाईकर्मी के साथ परिसर में झाड़ू लगाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय का मुख्य द्वार भी बंद था। बच्चों से इस प्रकार का कार्य करवाना शिक्षा के अधिकार कानून का उल्लंघन माना जाता है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जब इस संबंध में प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से बात की गई तो पहले उन्होंने इस मामले से अनभिज्ञता जताई। बाद में उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी की पोती भी विद्यालय में पढ़ती है। संभव है कि वह अपनी दादी के साथ काम में हाथ बंटाने लगी हो। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सफाईकर्मी नियुक्त हैं और यदि बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही है तो यह गलत है।
प्रधानाध्यापक ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जानकारी लेकर विद्यालय के कर्मियों से पूछताछ की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सख्त चेतावनी दी जाएगी।














