


बिहपुर एनडीए कार्यालय में विधायक ने बुके व अंगवस्त्र देकर किया सम्मान, क्षेत्र का गौरव बताया
नवगछिया :
इंडोनेशिया के बाली में आयोजित भारत-इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय सीनियर एवं अंडर-21 बाल बैडमिंटन श्रृंखला में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ी सूरज कुमार को लगातार सम्मानित किया जा रहा है। रविवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय में क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने सूरज कुमार को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सूरज कुमार बिहपुर प्रखंड के बिक्रमपुर वार्ड संख्या-4 निवासी पंकज पासवान और गुड़िया देवी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
बताया गया कि इंडोनेशिया के बाली में 14 से 19 फरवरी के बीच भारत-इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय बाल बैडमिंटन सीनियर और अंडर-21 आयु वर्ग की श्रृंखला आयोजित हुई थी। इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों श्रृंखलाओं पर कब्जा जमाया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत में सूरज कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सम्मान समारोह के दौरान विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ी न केवल बिहपुर और बिहार बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र की धरती शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी काफी उर्वर रही है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
इस अवसर पर नवगछिया पुलिस जिला बाल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार ने कहा कि जिस तरह सोनवर्षा गांव वॉलीबॉल के लिए प्रसिद्ध है, उसी तरह बिहपुर क्षेत्र पूर्वी बिहार में बाल बैडमिंटन की नर्सरी बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूरज कुमार से पहले भी इस क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पटना में आयोजित चार देशों की प्रतियोगिता में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को हराकर चैंपियन बनी भारतीय टीम में नवगछिया की खिलाड़ी प्रज्ञा भारती शामिल थीं। वहीं वर्ष 2019 में मोतिहारी में इंडोनेशिया को 3-0 से हराने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी अंकित कुमार शर्मा तथा इसी वर्ष नेपाल में आयोजित टेस्ट श्रृंखला में नेपाल को 3-0 से पराजित करने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी राहुल कुमार भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
सम्मान समारोह में मौजूद लोगों ने सूरज कुमार की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने तालियों की गूंज के साथ सूरज कुमार का उत्साहवर्धन किया।















