



भागलपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना ने सभी को दहला दिया है। बरारी गंगा घाट के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान रतीपुर बैरिया निवासी 25 वर्षीय गोविंद कुमार के रूप में हुई है। गोविंद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात गोविंद को मोहल्ले के ही अनु मंडल और संतोष मंडल पार्टी करने के बहाने बुलाकर ले गए थे। उस समय इलाके में बाढ़ की वजह से लोग टेंट में रह रहे थे। इसी दौरान पार्टी का आयोजन हुआ जिसमें मंगल मंडल ने शराब की व्यवस्था की थी।
पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद गोविंद की हत्या कर दी गई और शव को बरारी गंगा घाट स्थित झाड़ियों के पीछे फेंक दिया गया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि मृतक का आरोपियों से पहले से विवाद चला आ रहा था। गोविंद तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।













