



भागलपुर – बरारी सीढ़ी घाट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला गंगा नदी में डूबने लगी। गनीमत रही कि मौके पर ड्यूटी पर तैनात आपदा मित्रों और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महिला की पहचान सुकेशी कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने पति अमन कुमार के साथ भागलपुर जिले के सिकंदरपुर, थाना मुजाहिदपुर की रहने वाली हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम और पता बताया, जिसके बाद उसके पति अमन कुमार को सूचना दी गई।
कुछ देर बाद अमन कुमार मौके पर पहुंचे और अपनी पत्नी सुकेशी देवी को सुरक्षित अपने घर लेकर गए। बताया गया कि महिला गंगा स्नान के लिए घाट पर आई थी, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह डूबने लगी थी।

श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन द्वारा गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में बरारी सीढ़ी घाट पर आपदा प्रबंधन टीम की तैनाती की गई थी, जिनकी सतर्कता से यह हादसा टल गया।
बरारी घाट पर ड्यूटी कर रहे आपदा मित्रों में सनोज कुमार पासवान, सुशील यादव, दिलीप यादव, रूपेश कुमार, नीतीश कुमार, अमित कुमार, आशीष रंजन, संजीव कुमार, बाबूलाल शाह, जनार्दन राम, प्रेमचंद पासवान और प्रमोद कुमार शाह शामिल हैं।
स्थानीय प्रशासन ने सभी आपदा मित्रों की तत्परता की सराहना की है और कहा है कि मेला अवधि तक सभी घाटों पर इसी तरह निगरानी जारी रहेगी ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो।













