



भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ही घर के कमरे में शव मिला जिसके बाद यह मामला आ त्म हत् या और हत् या दोनों ही दृष्टिकोण से गंभीर हो गया है।
परिजनों के अनुसार, महिला ने रोज की तरह अपने दो बेटे और एक बेटी को स्कूल भेजा था। इसके बाद वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। जब परिवार के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा, जहां महिला फंदे से झू ल ती हुई मि ली। तुरंत इसकी सूचना बरारी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति इम्तियाजूल सऊदी अरब में काम करते हैं। वहीं, सास जोहरा बेगम ने बताया कि परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था और सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा था।
दूसरी ओर, मृतका के पिता ने पति सहित पूरे ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और शादी के दो वर्ष बाद से ही उसे दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई।

मृतका के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।













