



भागलपुर।
बरारी थाना क्षेत्र से एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला ने अपने घर में जान दे दी । घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
मृतका के परिजनों के अनुसार, महिला ने सुबह अपने दो बेटे और एक बेटी को स्कूल भेजा, जिसके बाद यह घटना घटी। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने जाकर देखा, जहां इस अवस्था पाई गई।

मृतका के पति का नाम इम्तियाजुल बताया गया है, जो सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं। मृतका की सास जोहरा बेगम ने बताया कि उनका बेटा करीब नौ महीने पहले भागलपुर आया था और उसके बाद से सऊदी अरब में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि बेटे की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। जोहरा बेगम के अनुसार, परिवार को किसी भी प्रकार का शक या आशंका नहीं थी। उन्होंने कहा, “सुबह भी वह बिल्कुल सामान्य थी और बच्चों को स्कूल भेजी थी। हमें जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठाएगी।”
परिवार के अन्य सदस्यों में ससुर समसूल, भैसूर हसनौन उर्फ नेपाली तथा मृतका के भाई शाहनवाज का नाम सामने आया है। हालांकि, घटना के बाद परिवार के लोग अंदरूनी कारणों पर कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।













