



भागलपुर जिले के बेलखोरिया पंचायत के छौनिया चौक पर अमर शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। प्रतिमा अनावरण के साथ ही इस चौक का नाम बदलकर अब अमर शहीद रामफल मंडल स्मारक चौक रखा जाएगा। इसकी जानकारी बिहार सरकार के पूर्व अपर सचिव सह जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष जेड हसन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि यह पूरे बिहार का दूसरा स्थान होगा, जहां अमर शहीद रामफल मंडल का स्मारक स्थापित किया जा रहा है। उनके पैतृक गांव के बाद अब नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के बेलखोरिया पंचायत में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले इस महान क्रांतिकारी की स्मृति में भव्य समारोह के साथ प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि 21 सितंबर को भागलपुर में मिनी मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता हबीबपुर थाना के पास से सुबह सात बजे शुरू होकर वहीं समाप्त होगी। इस दौड़ में लड़के और लड़कियां दोनों भाग लेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस मौके पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह जदयू नेता शिशुपाल भारती, जिला सचिव नसर आलम, बेलखोरिया पंचायत के मुखिया ब्रजेश कुमार सहित कई महत्वपूर्ण लोग मौजूद थे।












