



भागलपुर। जिले के पुरैनी दिन नगर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब 26 वर्षीय युवक मोहम्मद अल्ताफ ने अपनी जान दे दी। वह पिछले 15 दिनों से अपने गांव आया हुआ था और बेंगलुरु में रोजगार करता था। करीब छह महीने पहले उसकी शादी बीबी आशिया से हुई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मोहम्मद अल्ताफ के इस कदम के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि अल्ताफ बेहद शांत और मिलनसार युवक था। उसकी अचानक मौत से पूरा गांव स्तब्ध है।

परिवार में मातम पसरा हुआ है। अल्ताफ के परिवार में चार बहनें और तीन भाई हैं। वह भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। मां और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। शादी के बाद कुछ समय तक अल्ताफ गांव में रहा, फिर रोजगार के लिए बेंगलुरु चला गया था। बताया गया कि वह 15 दिन पहले ही छुट्टियों में गांव आया था और सभी कुछ सामान्य प्रतीत हो रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना पीछे की वजहों को जानने के लिए पुलिस परिवार से पूछताछ भी कर रही है।













