


भागलपुर। भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट कर दिया गया और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यवहार न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। कोर्ट परिसर में मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एहतियातन फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
धमकी की सूचना मिलते ही भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं व्यवहार न्यायालय परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। तकनीकी माध्यमों से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी कहां से और किस उद्देश्य से भेजी गई है।
हालांकि प्रारंभिक जांच में कोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जांच पूरी होने तक कड़ी चौकसी बरती जा रही है।












