



भागलपुर के सबौर प्रखंड अंतर्गत इंग्लिश के मिलन चौक के पास एनएच-80 पर एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज़ रफ्तार में आ रहा हाइवा अचानक सड़क पर बने गड्ढों में असंतुलित होकर पलट गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ के कारण इस क्षेत्र की सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने एक बार फिर से प्रशासन की लापरवाही और खराब सड़क व्यवस्था को उजागर कर दिया है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बाढ़ के बाद से सड़क पर गहरे गड्ढे और धंसी हुई सतह लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि NH-80 की स्थिति को देखते हुए अविलंब सड़क की मरम्मत कराई जाए और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।













