



भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो गांव के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग पंचू मंडल की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचू मंडल का घर बाढ़ की चपेट में आ गया था, जिसके कारण उनका परिवार सड़क किनारे अस्थायी रूप से रह रहा था। हादसे के वक्त पंचू मंडल अपने मवेशियों को चारा खिला रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।
ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि पंचू मंडल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अकबरनगर थाना को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में पंचू मंडल का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोग इस हादसे को लेकर आक्रोशित भी हैं।














