



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले के सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए दो मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी, भागलपुर में 154-पिरपैंती (अजा), 155-कहलगांव, 156-भागलपुर और 158-नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों की पोल्ड ईवीएम और वीवीपैट मशीनें रखी जाएंगी। इन चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।
वहीं, महिला आईटीआई कॉलेज में 152-बिहपुर, 153-गोपालपुर और 157-सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों की पोल्ड ईवीएम और वीवीपैट जमा की जाएंगी। इन तीनों क्षेत्रों की मतगणना भी 14 नवंबर को होगी।
अधिसूचना की तिथि पर हुआ प्रेस सम्मेलन

भागलपुर संवाददाता। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर भागलपुर के समीक्षा भवन में प्रेस सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से की।
जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। एनआई एक्ट की छुट्टियों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से नामांकन पत्र 20 अक्टूबर तक भरे जाएंगे। 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 23 अक्टूबर तक नाम वापसी की जा सकेगी। सामान्य उम्मीदवारों के लिए नामांकन शुल्क 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति/जनजाति उम्मीदवारों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था को लेकर जिले के सभी चेकपोस्टों पर जांच शुरू कर दी गई है। वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। व्यय प्रेक्षक भागलपुर पहुंच चुके हैं। शस्त्र अनुज्ञप्तियों का सत्यापन एवं जमा कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बीएनएस की धारा 126, 127, 128 और 129 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जा रही है। वल्नरेबल टोलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अपराधियों पर कार्रवाई जारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि जिले में लंबित वारंटों का निष्पादन कराया जा रहा है। सभी नाका चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं। शहरी क्षेत्रों में रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है और अब तक 102 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। सीएपीएफ की टीमें सक्रिय हैं और वल्नरेबल इलाकों में फ्लैग मार्च कराया जा रहा है। सीसीए के तहत दान अपराधियों के विरुद्ध थाना बदर की कार्रवाई की गई है, वहीं 91 लंबित वारंटों का भी निष्पादन कराया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि आगामी काली पूजा को लेकर समन्वय समिति की बैठक संपन्न हो चुकी है। थाना एवं अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
















