


भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भागलपुर जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भी अपने परिवार के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। उन्होंने डीवीसी स्थित बूथ संख्या 54 पर पहुंचकर मतदान किया।
मतदान के दौरान जिलाधिकारी ने आम मतदाता की तरह कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने गर्व के साथ अपनी उंगली पर लगी स्याही का निशान दिखाया और मतदान केंद्र पर बने सेल्फी पॉइंट पर जाकर अपने परिवार के साथ सेल्फी भी ली।
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, “जिस तरह हम मतदान कर रहे हैं, उसी तरह हर नागरिक को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। यह लोकतंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी और गौरव का क्षण होता है।” उन्होंने जिले के मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान केंद्रों पर जाएं, शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
जिलाधिकारी की पत्नी ने भी मतदान के बाद कहा कि परिवार के साथ वोट डालना गर्व और जिम्मेदारी, दोनों का एहसास कराता है। उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे घर से निकलकर मतदान केंद्र तक जरूर पहुंचें और अपनी भागीदारी दर्ज करें।















