


भागलपुर जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के तहत प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन 10 जनवरी से किया जाएगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार जिले के 285 प्लस टू विद्यालयों में 10 से 20 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न तिथियों पर प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न होंगी। इन परीक्षाओं में विज्ञान और कला संकाय के कुल 39,556 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, विज्ञान संकाय के 18,671 तथा कला संकाय के 20,985 छात्र-छात्राएं इस प्रायोगिक परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 169 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जो संबंधित प्लस टू विद्यालयों के नजदीकी हाई स्कूलों में स्थापित किए गए हैं।
विज्ञान संकाय में भौतिकी, रसायन शास्त्र और जीवविज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षा होगी, जबकि कला संकाय में मनोविज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान और संगीत विषयों की प्रायोगिक परीक्षा ली जाएगी। प्रायोगिक परीक्षा कुल 30 अंकों की होगी, जिसमें 20 अंक प्रयोग, 5 अंक प्रोजेक्ट और 5 अंक वायवा के लिए निर्धारित हैं।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि सभी विद्यालयों को प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। वहीं, 9 जनवरी तक परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) विनय कुमार सुमन ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा को लेकर शीघ्र ही सभी प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रायोगिक परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस प्रकार सैद्धांतिक परीक्षा का महत्व है, उसी प्रकार प्रायोगिक परीक्षा भी छात्रों के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभाती है। सभी विद्यालयों और शिक्षकों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।












