



भागलपुर के सैंडिश कंपाउंड मैदान में सोमवार को दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायता उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बी. एल. वर्मा, पीरपैंती विधायक ललन पासवान, सांसद प्रतिनिधि अपर्णा कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार साह, जदयू जिलाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, विधान पार्षद डॉ. एन. यादव, बंटी यादव समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, इलेक्ट्रिक साइकिल, श्रवण यंत्र, चलने की छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर में भागलपुर के अलावा आसपास के जिले के सैकड़ों लाभार्थी पहुंचे थे।

मंत्री बी. एल. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि बीते 11 वर्षों में देशभर में 18,000 से अधिक शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 32 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग को बराबरी का अवसर और जरूरी सुविधाएं देकर समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है।
वहीं सांसद प्रतिनिधि अपर्णा कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिव्यांग भाइयों को सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री को बधाई भी दी।













