



भागलपुर में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने जानकारी दी कि जिले में कुल 24 लाख मतदाता हैं। यहां 2263 मतदान केंद्र हैं, जहां समान संख्या में बीएलओ कार्यरत हैं, जबकि 250 बीएलओ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। अब तक 10,000 से अधिक गणना प्रपत्र एकत्र किए जा चुके हैं और यह प्रक्रिया तेजी से जारी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों का वितरण तेजी से कराया जाए और प्रत्येक दिन के संग्रहण की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाने के लिए जीविका दीदी, विकास मित्र, किसान सलाहकार, शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़े जाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि निगरानी का कार्य प्रखंड स्तर पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और विधानसभा स्तर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी करेंगे। साथ ही स्वीप कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रचार जिंगल्स को प्रचार वाहनों के माध्यम से जिलेभर में प्रसारित कराने का निर्देश दिया गया।
शहरी क्षेत्रों में एनसीसी और एनएसएस की भी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें प्रचार अभियान से जोड़ने को कहा गया। साथ ही विधानसभा क्षेत्रवार नियंत्रण कक्ष की जानकारी का भी प्रचार कराने पर बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से लाभान्वित हो सकें।













