



भागलपुर के सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में मंगलवार को जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फीता काटकर ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) का विधिवत उद्घाटन किया। यह केंद्र आगामी निर्वाचन की घोषणा तक कार्यरत रहेगा।

ईडीसी केंद्र का उद्देश्य आम मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के संचालन की जानकारी देना और उनमें चुनावी प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। यहां आने वाले लोग ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे, जिससे मतदाताओं में पारदर्शिता और विश्वास कायम हो सकेगा।
इस केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। तीन शिफ्टों में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि केंद्र की निगरानी और विधि-व्यवस्था बनी रहे।

जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस केंद्र के संचालन और उद्देश्य को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।













