



भागलपुर के एक निजी होटल में भारतीय जनता पार्टी की एक विशेष महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री, जिला अध्यक्ष, विधायक पवन यादव, वरिष्ठ नेता दिलीप मिश्रा, राजीव मुन्ना सहित प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को सशक्त बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रणनीति तय करना था। प्रदेश महामंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह सक्रिय है और बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक की रणनीति पर गंभीरता से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा और एनडीए मिलकर बिहार की राजनीति में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

बैठक के दौरान भाजपा नेता दिलीप मिश्रा ने भी भावी प्रत्याशी के रूप में अपनी इच्छाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि पिछले तीस वर्षों से वे विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के साथ क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। भागलपुर, जो कभी सिल्क सिटी के नाम से जाना जाता था, अब अपनी पहचान खोता जा रहा है। इस स्थिति को सुधारने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
दिलीप मिश्रा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में पूरी तरह एकजुटता है और यदि पार्टी उन्हें मैदान में उतारती है, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा या एनडीए का कोई भी प्रत्याशी यदि मैदान में उतरता है, तो कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ताकत से उसे विधानसभा तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और बूथ स्तर की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।













