


भागलपुर में गंगा नदी उफान पर है और लगातार जलस्तर में वृद्धि हो रही है। स्थिति यह है कि शहर के निचले इलाकों में कभी भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है। वहीं कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र के कई गांवों में गंगा का कहर किसी भी वक्त बरप सकता है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता और भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के संभावित उम्मीदवार दिलीप मिश्रा ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि फरक्का बराज के निर्माण के कारण हर साल बिहार के लोगों को बाढ़ जैसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। इसका सीधा असर आम जनजीवन और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है।
दिलीप मिश्रा ने कहा कि हर साल आने वाली बाढ़ से हजारों एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो जाती हैं और किसानों की मेहनत पानी में बह जाती है। इससे स्थानीय लोगों की माली हालत खराब हो जाती है और वे वर्षों तक उबर नहीं पाते।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि फरक्का बराज के प्रभावों पर पुनः विचार किया जाए और इसके दीर्घकालिक समाधान पर ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश के साथ की गई जल संधि को भी रद्द करने की मांग की है।













