



भागलपुर, बिहार। बिहार के भागलपुर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जिले के कुल 16 प्रखंडों में इस अभियान के तहत अब तक 87% कार्य पूरा हो चुका है। जिले के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इसे जिले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और आखिरी समय का इंतजार न करें।

डीएम डॉ. चौधरी ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान कई ऐसे मतदाता सामने आए हैं जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर वोटर लिस्ट में दर्ज है, जो चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त, कई लोग अब तक संशोधन या नामांकन प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाए हैं और 26 जुलाई तक का इंतजार कर रहे हैं। इस पर डीएम ने स्पष्ट अपील की है कि लोग जल्द से जल्द अपने दस्तावेज बीएलओ (BLO) के पास जमा करें ताकि समय पर उनका नाम वोटर सूची में सही रूप से शामिल किया जा सके।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि कोई भी योग्य मतदाता वोटर सूची से वंचित न रहे। इसके लिए प्रशासन ने विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए हैं, पंचायत स्तर पर कैंप लगाए जा रहे हैं और वार्ड स्तर पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही, शहरी और ग्रामीण इलाकों में डिजिटल और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मतदाताओं को सूचित किया जा रहा है।

डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मीडिया के माध्यम से नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक कागजी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की नींव है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने नाम को वोटर लिस्ट में सही स्थान पर सुनिश्चित करें। कृपया अंतिम तिथि का इंतजार न करें, समय रहते अपने क्षेत्रीय बीएलओ से संपर्क करें और आवश्यक दस्तावेज जमा कराएं।”













