



भागलपुर जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण जिले की कई नदियाँ उफान पर हैं, जिसका सीधा असर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।

जगदीशपुर प्रखंड के बधिया गांव की स्थिति सबसे गंभीर हो गई है। यह गांव पूरी तरह से जलमग्न होकर टापू में तब्दील हो चुका है। चारों ओर पानी भर जाने से ग्रामीणों का मुख्य सड़क से संपर्क पूरी तरह कट गया है। कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन अब तक न तो कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचा है और न ही प्रशासन की ओर से कोई राहत या बचाव कार्य शुरू किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाव, राहत सामग्री और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वे भय और बेबसी में दिन काटने को मजबूर हैं।












