



भागलपुर में इन दिनों गंगा नदी का रौद्र रूप जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।
नाथनगर प्रखंड की रसीदपुर पंचायत अंतर्गत रत्तीपुर बैरिया गांव की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। यह गांव अब पूरी तरह टापू में तब्दील हो चुका है और भागलपुर शहर से उसका संपर्क पूरी तरह कट गया है।

ग्रामीण रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए नाव या अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर हो गए हैं। गांव में जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की स्थिति और भी विकट हो गई है।
बिजली, चिकित्सा सुविधा और पीने के साफ पानी की अनुपलब्धता ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। हर ओर सिर्फ लाचारी और इंतज़ार का माहौल है।
स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस राहत या बचाव कार्य नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और मायूसी देखी जा रही है।













