



भागलपुर में बाढ़ का असर अब शहर के शहरी और पॉश इलाकों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण शहर की प्रमुख कॉलोनियों में से एक, बैंक कॉलोनी, पूरी तरह पानी से घिर गई है। कॉलोनी के अधिकांश घरों में गंगा का पानी घुस चुका है, जिससे लोगों के फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आवश्यक घरेलू सामान भीगकर खराब हो रहे हैं।

सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि कॉलोनी में आने-जाने के लिए नाव जैसी वैकल्पिक सुविधा भी अभी उपलब्ध नहीं है, जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रयास जारी हैं, लेकिन हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और सुरक्षित निकासी की मांग की है।













