



भागलपुर: धार्मिक आस्था और उत्साह से परिपूर्ण भादो छठ का महोत्सव गुरुवार को श्री खाटू श्याम मंदिर, केशव धाम, मंदरोजा (तृतीय तल) पर चावो वीरो दादी जी की पूजा-अर्चना के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर भक्ति, सजावट और सामूहिक श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
दोपहर दो बजे से मेहंदी उत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया। पूजा की शुरुआत स्वस्तिक वेदी पर विधिवत पूजन के साथ हुई, जिसमें रोली से स्वस्तिक बनाकर नारियल, चूड़ा, चुनरी, चावल और पुष्प अर्पित किए गए। सुहागिन महिलाओं ने अपने सुहाग की रक्षा और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए मां जगदम्बा और दादी चावो वीरो का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने समूहिक भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भक्ति रस में डूबे इन भजनों ने उत्सव को और भी दिव्य स्वरूप प्रदान किया। दादी जी को झूले पर सुशोभित कर झुलाया गया, जो उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा।

प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत राजस्थानी और गायिका आन्या ने एक से एक भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके मधुर स्वरों ने आयोजन स्थल को संगीतमय बना दिया और श्रद्धा की सरिता बह निकली।
इस पावन अवसर पर मां जगदम्बा के दरबार सहित मंदिर परिसर को फूलों और फलों से भव्य रूप से सजाया गया।
दादी सेवा समिति के अध्यक्ष प्रवीण दत्त रुंगटा ने बताया कि यह आयोजन विगत 14 वर्षों से भागलपुर में भक्ति और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। चावो वीरो दादी जी का मूल मंदिर राजस्थान के सीकर में स्थित है और वहां यह उत्सव कई दशकों से मनाया जा रहा है। भागलपुर एवं नाथनगर से बड़ी संख्या में दादी भक्त अपने परिवार के साथ दर्शन व पूजा के लिए उपस्थित हुए।
शाम के कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया। आयोजन में समिति संरक्षक बनवारी लाल खेतान, अध्यक्ष प्रवीण दत्त रुंगटा, मंत्री रंजन रुंगटा, मनीष रुंगटा, संतोष खेतान, नीरज खेतान, हरि खेतान, संगठन मंत्री राजेश खेतान के साथ-साथ चेतना, मोना, सोनी, वंदना, श्वेता, किरण, शशि, सोना, खुशबू खेतान आदि की विशेष भागीदारी रही।
राणीसती दादी समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार खेतान ने भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।














