


भागलपुर। बौंसी थाना क्षेत्र के बंशीपुर में अज्ञात बदमाशों नें मदरसा प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उन पर छह बार चाकू से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें रेफरल अस्पताल बौंसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल बंशीपुर मदरसा में बच्चों को पढ़ाते थे और वहीं पर रहते भी थे। वे सप्ताह में केवल एक-दो दिन ही अपने घर पंचवाड़ा थाना क्षेत्र जाया करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है।
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।












