



भागलपुर के गुमटी नंबर एक क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था, जिसमें सैकड़ों लोगों को वर्षों से कब्जा की गई जमीन खाली करनी पड़ी थी। अब रेलवे की ओर से उसी स्थान पर अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है।

हालांकि इस अंडरपास के डिजाइन को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि रेलवे द्वारा बनाए जा रहे अंडरपास का डिजाइन बिल्कुल सही नहीं है। अगर इसी डिजाइन पर काम हुआ तो भीखनपुर सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से हर साल प्रतिमा विसर्जन के लिए मूर्तियां ले जाई जाती हैं। ऐसे में अंडरपास बनने के बाद मूर्ति विसर्जन में भी बड़ी दिक़्क़त होगी और रास्ता अवरुद्ध हो जाएगा। लोगों का कहना है कि रेलवे और प्रशासन को इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और अंडरपास के डिजाइन में बदलाव करना चाहिए।














