



भागलपुर । भागलपुर में आयोजित युवा शंखनाद कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राजद पर जोरदार हमला बोला। दोनों नेताओं ने दरभंगा में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को बेहद शर्मनाक करार दिया।

मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि किसी की मां को गाली देना ही राजद और कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस अपमान को कभी नहीं भूलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता एनडीए को पहले से कहीं अधिक मजबूत समर्थन देगी।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा और एनडीए कार्यकर्ता इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस और राजद को इसका जवाब देंगे।













