



भागलपुर के सैंडिश कंपाउंड में आज जिला स्तर पर राष्ट्रव्यापी दिव्यांगजन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में भागलपुर जिले के करीब डेढ़ सौ और बांका जिले के लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मैदान में उतरे दिव्यांगजन खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और हौसले से सभी का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के दौरान माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। खिलाड़ियों ने अपने हुनर से यह साबित किया कि मेहनत और जज्बे के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।

इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला खेल पदाधिकारी और अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न सिर्फ दिव्यांग खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देती हैं बल्कि उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करती हैं।

अधिकारियों का कहना था कि यह प्रतियोगिता केवल खेल का मंच नहीं है बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि दिव्यांगजन भी अपने हौसले और मेहनत से हर मुकाम हासिल कर सकते हैं।













