



भागलपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादपुर चौक पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक प्रमोद कुमार अपनी ससुराल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि प्रमोद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उधर, जब प्रमोद की पत्नी रूबी देवी ने उन्हें फोन किया, तो किसी अन्य व्यक्ति ने कॉल रिसीव कर सड़क दुर्घटना की सूचना दी। जैसे ही परिवार को खबर मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रमोद को मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक प्रमोद कुमार रजौन थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव के निवासी थे और किसी निजी फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते थे। करीब छह साल पहले उनकी शादी खैरा गांव में रूबी देवी से हुई थी। प्रमोद एक पांच वर्षीय बेटी के पिता थे। पति की मौत की खबर सुनते ही रूबी देवी और उनकी छोटी बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल है।
रूबी देवी ने बताया कि उनके पति ससुराल जाने के लिए बाइक से घर से निकले थे। देर होने पर जब उन्होंने फोन किया, तब किसी और ने बताया कि सड़क हादसा हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचीं, तब तक पति को अस्पताल ले जाया जा चुका था — लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश में जुट गई है।
















