5
(1)

भागलपुर :
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर भागलपुर के समीक्षा भवन में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिले के सभी निर्वाची पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, तथा थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

बैठक में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च के लिए चिन्हित स्थानों का चयन कर नियमित रूप से फ्लैग मार्च करवाएं। इसके साथ ही, सेक्टर पदाधिकारियों को पुलिस पदाधिकारियों के साथ मिलकर संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर वलनरेबल टोलों व व्यक्तियों की पहचान करने को कहा गया।

अब तक जिले में 10 कंपनियां केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) पहुंच चुकी हैं, जबकि 4 कंपनियों के अगले दिन आगमन की जानकारी दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश सिटी एसपी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को दिए गए हैं। फेक न्यूज़ फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां पूर्ण करने को कहा। साथ ही, चुनावी सभाओं पर होने वाले खर्चों की निगरानी करने तथा सभा स्थलों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। जेड प्लस श्रेणी के अतिविशिष्ट व्यक्तियों की सभा के लिए डी-एरिया तथा हैलीपैड की सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने को कहा गया।

सभा मंच की क्षमता का आकलन कर आयोजकों को जानकारी देने, मंच पर चढ़ने वाले व्यक्तियों की संख्या सीमित रखने, तथा सभा स्थल पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस व जल टैंकर की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों पर नकेल कसने, वाहनों की सघन जांच, अंतरराज्यीय व अंतरजिला सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित कर वहां सीसीटीवी, टेंट व तीन शिफ्ट में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए।

सभी थाना प्रभारियों को वारंटी व्यक्तियों के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई चुनाव से पहले पूरी करने तथा अपराधियों को बीएनएस की धारा 126 के अंतर्गत बॉन्ड डाउन करने का निर्देश दिया गया।

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सख्ती बरतने तथा आगामी काली पूजा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु अभी से सतर्कता बरतने की बात कही।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी अधिकारियों को चुनावी कर्तव्यों की गंभीरता से अवगत कराते हुए कहा कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी या पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित सभी नोडल एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: