



भागलपुर : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भागलपुर जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), डीएसपी, बीडीओ और सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में नियमित रूप से फ्लैग मार्च निकाला जाए ताकि आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रहे।

डीएम ने बताया कि अब तक जिले में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 10 कंपनियां पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 4 कंपनियां जल्द ही पहुंच जाएंगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को वल्नरेबल इलाकों की पहचान करने, मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने और रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
साथ ही, जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक खबरों पर नजर रखने के लिए सिटी एसपी और जनसंपर्क पदाधिकारी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसएसपी हृदय कांत ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान मतदाता जागरूकता, मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराना है।















