



भागलपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को सदर एसडीओ विकास कुमार और सिटी डीएसपी वन अजय कुमार चौधरी ने भागलपुर हवाई अड्डा के समीप बनाए गए स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) के चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां तैनात पुलिस बल से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस अवर निरीक्षक सहित अन्य कर्मियों से बात कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि चेक पोस्ट पर चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकदी, शराब, हथियार या अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों की आवाजाही पर रोक लगाना है। साथ ही चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की किसी भी संभावना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस दौरान सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। प्रत्येक चेक पोस्ट पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। वहीं सदर एसडीओ विकास कुमार ने भी अधिकारियों को सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
प्रशासन की इस सतर्कता से आम लोगों में विश्वास बढ़ा है और शांति पूर्ण चुनाव की उम्मीद की जा रही है।
















