



भागलपुर में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पूजा समितियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि प्रतिमा को आगे ले जाने को लेकर युवा शक्ति पूजा समिति और नवयुवक संघ पूजा समिति के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे तथा तलवारें चलने लगीं।

इस झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद नवयुवक संघ पूजा समिति के सदस्य इशाकचक थाना पहुंचे और हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।















