



भागलपुर । जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जानहाट में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक का अपहरण कर बर्बरतापूर्वक पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के मोदीनगर स्थित बहरातर मोहल्ले के निवासी गणेश चौधरी के 29 वर्षीय पुत्र रवि चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

मृतक की पत्नी गुंजा देवी ने बताया कि रवि चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ आदमपुर चौक के पास स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर रोल खाने गए थे। इसी दौरान बुलेट सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और रवि से मारपीट करते हुए हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लिया। अपराधी उसे सरकुल्ला चक स्थित एक घर में ले गए, जहाँ उसके हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की गई। बाद में अधमरी हालत में उसे सड़क पर फेंक दिया गया।
सूचना मिलने पर बबरगंज थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रवि को सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान करीब डेढ़ घंटे बाद रवि ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि रवि कोलकाता की एक जूट फैक्ट्री में काम करता था और छठ पूजा पर घर आया हुआ था। शादी के बाद वह हबीबपुर थाना क्षेत्र के करोड़ी बाजार स्थित ससुराल में रहता था।
रवि के दोस्त सलटू ने बताया कि वह तीनों दोस्त आदमपुर स्थित टू प्वाइंट जीरो रेस्टोरेंट में रोल खाने पहुँचे थे। तभी बुलेट सवार तीन लोग आए और रवि को जबरन साथ ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने हथियार दिखाकर धमकाया और दोनों अन्य दोस्तों को वहाँ से भाग जाने को कहा। कुछ देर बाद रवि सड़क किनारे गंभीर हालत में मिला।

परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। मृतक के भाई साकेत चौधरी ने आरोप लगाया कि हत्या में शामिल आरोपी बबरगंज क्षेत्र में ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़े हुए हैं। चार-पाँच साल पहले परिजनों ने उन्हें मोहल्ले में नशा बेचने से मना किया था, जिससे विवाद हो गया था। इसी पुरानी दुश्मनी में शुभम सोनार उर्फ छेदी, सुजीत कुमार उर्फ मजा यादव और शिवम कुमार ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
















