



भागलपुर में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भीखनपुर इलाके में एक क्लिनिक पर छापेमारी की। सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू कुमार और अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार अपनी टीम के साथ लंबे समय से संचालित हो रहे अवैध क्लिनिक की जांच करने पहुंचे, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान दवाइयों की पड़ताल में बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाएं बरामद की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई कि इन दवाओं का उपयोग मरीजों के उपचार में किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। छापेमारी के दौरान “मां दुर्गा पॉली क्लिनिक” के नाम से मरीजों को लिखी जा रही पर्चियां भी बरामद हुईं।

जांच में पाया गया कि पर्चियों पर डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. नीतीश कुमार और डॉ. अरविंद कुमार के नाम अंकित थे। टीम ने मौके से मरीजों की एंट्री रजिस्टर जब्त कर लिया तथा क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













