


भागलपुर के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार की ओर से बाल संरक्षण को लेकर प्रमंडलीय स्तर की गोष्ठी सह संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, उप विकास आयुक्त सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा भागलपुर न्यायालय के कई न्यायिक पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। पटना से आई चाइल्ड लाइन की टीम ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
गोष्ठी के दौरान चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों की रक्षा तथा बाल शोषण एवं तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने की जरूरत है, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।















