



भागलपुर से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना के समीप स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में डीजल से संचालित मशीनों का उपयोग किया जाता था तथा वहां बड़ी मात्रा में डीजल भी संग्रहित कर रखा गया था। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद डीजल के संपर्क में आने से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक फैक्ट्री के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।

प्रशासन ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासी बिजय साह ने बताया कि आग काफी तेजी से फैली, जिससे लोगों में घबराहट फैल गई थी। समय पर अग्निशमन दल के पहुंचने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।













