


भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत बाखरपुर–धनपाल टोला मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपाल टोला चौक की ओर से आ रही बाइक और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बाखरपुर पश्चिमी निवासी प्रकाश मंडल के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है।
वहीं इस हादसे में गोलू कुमार, रवि कुमार और मिथुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पीरपैंती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बाखरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















