


भागलपुर। जिले में अंधविश्वास और डायन प्रथा का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोराडीह थाना क्षेत्र के फाजिलपुर डंडा बाजार में डायन होने का आरोप लगाकर पति-पत्नी की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है।
घायल दंपती की पहचान सुभाष यादव और उनकी पत्नी विशेखा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों अपने घर पर मौजूद थे, तभी पड़ोस में रहने वाली गोतनी मिला देवी ने विशेखा देवी पर डायन होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से पति-पत्नी पर हमला कर दिया।
हमले में सुभाष यादव के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया, वहीं नाक पर भी गहरी चोटें आई हैं। उनकी पत्नी विशेखा देवी को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं। घायल विशेखा देवी ने बताया कि उनकी गोतनी लंबे समय से उन्हें डायन बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती रही है और इसी अंधविश्वास के कारण इस बार जानलेवा हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












