



भागलपुर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जहरीला पदार्थ खाने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को समय रहते इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पहला मामला तातारपुर थाना क्षेत्र के रेकाबगंज स्थित एक निजी लॉज का है। बताया जा रहा है कि सुपौल जिले का रहने वाला एक छात्र, जो लॉज में रहकर पढ़ाई करता था, ने किसी कारणवश जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। लॉज में मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तातारपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया।

इस संबंध में तातारपुर थानाध्यक्ष रवि ने बताया कि छात्र का इलाज चल रहा है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति सामान्य होने के बाद छात्र के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरा मामला सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर मोड़ के पास का है, जहां एक स्थानीय युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की हालत बिगड़ते देख आसपास के लोगों ने तुरंत 112 पुलिस टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सहयोग से युवती को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले में परिजन फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि युवती की हालत में सुधार होने के बाद उससे बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी ली जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी या मानसिक दबाव की स्थिति में इस तरह के कदम उठाने के बजाय परिवार, मित्र या प्रशासन से मदद लें।













