



भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में दोस्त ने दोस्त को चाकू मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह वारदात कांझिया गांव के सरकारी स्कूल के समीप हुई। मृतक की पहचान युवराज उर्फ शिवराज के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम सुमित है, जो मृतक का दोस्त और दोनों 12वीं कक्षा में साथ पढ़ते थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ। इसके बाद सुमित अपने घर गया और वहां से चाकू लाकर वापस आया। मौके पर पहुंचकर उसने शिवराज के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे युवराज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल से मात्र 20 मीटर की दूरी पर मृतक के पिता उमेश बैठे हुए थे।
सूचना मिलते ही मृतक के पिता तुरंत अपने बेटे को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी सुमित मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मधुसूदनपुर थाना अध्यक्ष सफदर अली, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, और पुलिस ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।













