



भागलपुर में सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में फरियादियों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और एक-एक कर सभी की बातों पर गंभीरता से विचार किया। सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भागलपुर जिले में भूमि विवाद एक गंभीर समस्या का रूप ले चुका है। कई मामलों में बिचौलियों द्वारा एक ही भूमि को एक से अधिक लोगों को बेच देने के कारण वास्तविक जमीन धारकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त है। भू-माफियाओं की सूची तैयार की जा रही है और चिन्हित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भूमि विवाद से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनका जीवन सुगम बनाया जा सके।













