


जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
भागलपुर। जिले के समग्र विकास को लेकर जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक समीक्षा भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, सरकारी परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले से लेकर प्रखंड स्तर तक जिन योजनाओं के कार्य अभी तक लंबित हैं, उन्हें हर हाल में एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह बाद पुनः इन योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की जाएगी। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करते हुए उसका लाभ आम लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति देना, लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचाना बताया गया।















