


भागलपुर। जिले में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। ताजा मामला पीरपैंती थाना क्षेत्र के त्रिमोहन चौक के पास का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान शेरमारी बाजार निवासी 35 वर्षीय ऋषभ झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात ऋषभ झा अपने प्रॉपर्टी डीलर दोस्त सौरभ उर्फ मयंक के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान त्रिमोहन चौक के पास स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और बाइक चला रहे सौरभ को रुकने का इशारा किया।
हालांकि सौरभ ने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान बदमाशों ने पीछे बैठे ऋषभ झा को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली ऋषभ के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सौरभ ने तुरंत अपने सहयोगियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद घायल ऋषभ को आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















