


बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर
भागलपुर। भागलपुर नगर निगम के सभागार में महापौर की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट को लेकर सामान्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा नगर निगम की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी वित्तीय वर्ष का विकासोन्मुख बजट प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान महापौर ने पार्षदों और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रस्तुत बजट में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। खासकर जल निकासी व्यवस्था, सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सड़क प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए विशेष निधि का प्रावधान किया गया है, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में भागलपुर को बेहतर स्थान दिलाने के लिए स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मशीनों की खरीद पर सहमति बनी।
बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में प्रत्येक वार्ड में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करना भी शामिल है। इसके लिए पाइपलाइन विस्तार और नए नलकूपों की स्थापना की योजना बनाई गई है। इसके अलावा नगर के प्रमुख मार्गों के निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य को भी तेज गति से पूरा करने का निर्णय लिया गया।
राजस्व बढ़ाने के लिए नगर निगम होल्डिंग कर तथा अन्य शुल्कों की वसूली व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने की दिशा में काम करेगा। साथ ही जनकल्याण योजनाओं के अंतर्गत सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार और शहर में वेंडिंग क्षेत्र के व्यवस्थित निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026–27 का यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि शहर की जनता की अपेक्षाओं और विकास की दिशा को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित करना और सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में धरातल पर उतारना है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भागलपुर को एक विकसित और टिकाऊ शहर के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपमहापौर, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, विभिन्न वार्डों के पार्षद, उप नगर आयुक्त तथा नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी उपस्थित रहे।















