



भागलपुर में वाणिज्य कर विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान टीम ने लाखों रुपए मूल्य का रेडीमेड कपड़ा और खिलौने जप्त किए।
जानकारी के अनुसार, राज्य कर संयुक्त आयुक्त सुश्री मिनी को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता से बिना पक्की बिल के भारी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और खिलौने भागलपुर लाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया और रेलवे स्टेशन पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बिना बिल के सामान पकड़ा गया, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

संयुक्त आयुक्त सुश्री मिनी ने बताया कि यदि संबंधित व्यापारी पक्की रसीद लेकर आते हैं तो सामान उन्हें लौटा दिया जाएगा, लेकिन यदि बिल प्रस्तुत नहीं किया गया तो उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी से न केवल रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा बल्कि व्यापारियों के बीच भी हड़कंप मच गया है। वाणिज्य कर विभाग ने साफ किया है कि आगे भी बिना बिल और टैक्स चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















