



भागलपुर: भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र में आज एक सड़क हादसे में एक बुलेट सवार मेडिकल दुकान संचालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं। मृतक की पहचान नाथनगर थाना क्षेत्र के चंपानदी पुल के पास रहने वाले मनमोहन यादव के 58 वर्षीय बेटे अरविंद कुमार यादव के रूप में हुई है।

अरविंद यादव अपने घर पर एक मेडिकल दुकान चलाते थे। घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि अरविंद यादव सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मुंगेर जाने के लिए अपनी बुलेट बाइक से निकले थे। जब वह अकबरनगर थाना क्षेत्र के खैरया गांव के पास पहुंचे, तो सुल्तानगंज की दिशा से आ रही पल्सर बाइक ने उनकी बुलेट को सामने से टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल अरविंद यादव को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
अरविंद यादव के बेटे आशीष ने बताया कि उनके चाचा के ससुर का निधन हो गया था और वे मुंगेर में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। वे घर से साढ़े ग्यारह बजे निकले थे और करीब सवा बारह बजे इस दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए।













