



भागलपुर। भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं उपस्थित रहे और फरियादियों की शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनता दरबार में आए 70 से अधिक मामलों का मौके पर ही निवारण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से अब प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी नियमित रूप से शिकायतों की सुनवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

डॉ. चौधरी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ शिकायतों का निष्पादन करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय व धन दोनों की बचत हो सके।
जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा योजना, बिजली एवं राजस्व से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों में मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान कराया गया, जबकि जटिल मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। सरकार की मंशा प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाना है। कार्यक्रम का उद्देश्य “सबका सम्मान, जीवन आसान” की भावना को साकार करना है।
जनता दरबार में शामिल लोगों ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आगे भी नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाता रहेगा।













