


भागलपुर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अभिलेश कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर हेमशंकर शर्मा सहित कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रशासन ने घोषणा की कि अब इमरजेंसी विभाग को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है। गंभीर रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, चाहे वे किसी भी अन्य अस्पताल से रेफर होकर आए हों। इमरजेंसी सेवा की शुरुआत फिलहाल 10 बेड की व्यवस्था के साथ की गई है, जिसे आगे और विस्तारित किया जाएगा।
चिकित्सकों ने जानकारी दी कि इमरजेंसी सेवा के साथ-साथ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कई नई यूनिट्स की शुरुआत भी की जा रही है। इनमें न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, मेथाडोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग प्रमुख हैं। न्यूरो सर्जरी के तहत डॉक्टर मानी और डॉक्टर पंकज की दो यूनिटें कार्यरत होंगी। कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी की यूनिटें भी मरीजों के लिए जल्द ही पूरी तरह चालू हो जाएंगी।

अस्पताल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल इस अस्पताल में कैंसर का इलाज उपलब्ध नहीं होगा, लेकिन अन्य सभी गंभीर बीमारियों की चिकित्सा सुविधा मौजूद है। विशेष रूप से गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू में 24 घंटे एक डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी इमरजेंसी स्थिति में त्वरित और प्रभावी इलाज प्रदान किया जा सके।
यदि किसी कारणवश अस्पताल में बेड की उपलब्धता समाप्त हो जाती है, तो ऐसे मरीजों को मायागंज अस्पताल में रेफर किया जाएगा, ताकि किसी का इलाज बाधित न हो।
यह व्यवस्था भागलपुर के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी राहत मानी जा रही है। सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की यह पहल मरीजों को बेहतर, सुगम और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम है।













